उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद के फाफामऊ इलाके में हथियारबंद चार बदमाशों ने रविवार आधी रात थरवई इलाके के हाटमनगंज में सनसनीखेज वारदात कर डाली। अपराधियों ने मिशनरी स्कूल में चौकीदार को बंधक बनाकर फादर एडवर्ड के घर से तीन लाख रुपये नगद लूट लिए।
इतना ही नहीं, दो लुटेरों ने सर्वेट रूम में पति संग रहने वाली युवती के साथ बलात्कार भी किया। बदमाशों के जाने के बाद फादर ने कंट्रोल रूम फोन किया तो पुलिस पहुंची।
लूट और गैंगरेप की खबर पाकर डीआईजी और एसएसपी समेत कई अफसर मौके पर पहुंचे। क्राइम ब्रांच समेत तीन पुलिस टीम लुटेरों की धरपकड़ में लगी है।
हाटमनगंज गांव में पड़िला मार्ग पर एक ही परिसर में मिशनरी हॉस्पिटल और बिशप हाटमनगंज एकेडमी स्कूल है। स्कूल पांचवीं कक्षा तक है। हॉस्पिटल में महिलाओं का प्रसव ही कराया जाता है। वहां पांच नर्स तैनात हैं। वे वहीं रहती भी हैं। उसी परिसर में फादर एडवर्ड अकेले रहते हैं।
इस तरह वारदात को दिया अंजाम
उड़ीसा का एक युवक अपनी पत्नी संग फादर के घर में साफ-सफाई और खाना बनाने का काम करता है। पति-पत्नी अपने दो बच्चों के साथ फादर निवास के पीछे सर्वेंट क्वार्टर में रहते हैं। रविवार आधी रात चार नकाबपोश बदमाशों ने हॉस्पिटल और स्कूल परिसर का मेन गेट खटखटाया।
30 वर्षीय चौकीदार संजय कुमार ने गेट खोला तो बदमाशों ने उसे तमंचा और चापड़ सटाकर चुप रहने की धमकी दी। बदमाश उसे हॉस्पिटल में ले गए। वहां कुछ नहीं मिला तो हॉस्पिटल के पीछे सर्वेंट्स क्वार्टर पहुंच गए।
बदमाशों के कहने पर चौकीदार संजय ने दस्तक दी तो नौकर ने दरवाजा खोल दिया। बदमाशों ने कमरे में घुसकर चौकीदार पर रजाई से डालकर चुपचाप पड़े रहने की धमकी दी। फिर तीन बदमाश नौकर को लेकर फादर के घर की ओर चले गए जबकि एक बदमाश वहीं रुक गया।
मजबूरन खोलना पड़ा दरवाजा
बदमाशों के कहने पर नौकर ने दरवाजा खटखटाया तो फादर एडवर्ड ने ग्रिल से झांका। नौकर के साथ तीन नकाबपोश बदमाश देख फादर ने दरवाजा खोलने से मना कर दिया। एक बदमाश ने नौकर की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मारने की धमकी दी तो मजबूरन फादर एडवर्ड ने दरवाजा खोल दिया।
बदमाश तमंचा सटाकर उन्हें कमरे में ले गए और आलमारी खोलने के लिए कहा। चाभी नहीं मिली तो बदमाशों ने आलमारी का लॉक तोड़कर तीन लाख रुपये नगद निकाल लिए।
फादर से मोबाइल फोन भी छीन लिया। उधर, सर्वेंट क्वार्टर में मौजूद एक बदमाश ने नौकर की 26 वर्षीय पत्नी से रेप किया। फादर के घर में लूट के बाद तीन बदमाश सर्वेंट्स क्वार्टर लौटे तो उनके एक और साथी ने युवती से बलात्कार किया। पौन घंटे में लूट और गैंगरेप के बाद लुटेरे भाग गए। फादर ने एक नर्स से मोबाइल लेकर 100 नंबर पर फोन किया तो थरवई थाने की पुलिस वहां पहुंची।
सुबह खबर पाकर डीआईजी, एसएसपी, एसपी गंगापार, एसपी क्राइम भी मौके पर आ गए। फील्ड यूनिट और खोजी कुत्ते को लाया गया। देर रात तक पुलिस वारदात में शामिल बदमाशों का पता नहीं लगा सकी थी।