रामपुर के डीएम अजय द्विवेदी ने बताया कि विदेश में रह रहे भारतीयों को मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने के लिए उचित फॉर्म भरना चाहिए। अगर रामपुर में संबंधित महिला त्रुटिवश गलत फॉर्म भरने के लिए प्रत्यावेदन देती है, तो उस पर लगा केस वापस लेने पर विचार किया जा सकता है। गलत फॉर्म भरने पर महिला पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1950 की धारा 31 के तहत केस दर्ज कराया गया है। इसमें एक साल तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है।
चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश में चल रहे एसआईआर की निगरानी के लिए केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों में तैनात संयुक्त सचिव स्तर के 4 आईएएस अधिकारियों को विशेष रोल प्रेक्षक नियुक्त किया है। इनमें निखिल गजराज, जावड़ी वी नागा सुब्रमण्यम, कुणाल और सिद्दार्थ जैन शामिल हैं।
आयोग ने निखिल गजराज को सहारनपुर, मेरठ, मुरादाबाद और अलीगढ़ मंडल, जावड़ी वी नागा सुब्रमण्यम को लखनऊ, कानपुर, आगरा, बरेली, झांसी, चित्रकूट धाम और प्रयागराज मंडल, कुणाल को देवीपाटन, बस्ती, अयोध्या व वाराणसी मंडल और सिद्दार्थ जैन को आजमगढ़, गोरखपुर व मिर्जापुर मंडल का विशेष रोल प्रेक्षक बनाया है।
विशेष रोल प्रेक्षक के रूप में नियुक्त अधिकारियों का दायित्व होगा कि एसआईआर से संबंधित निर्देशों का पालन सुनिश्चित हो। कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से न छूटे और न ही कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल होने पाए। विशेष रोल प्रेक्षक का दायित्व गणना चरण से लेकर मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि तक रहेगा। विशेष रोल प्रेक्षक अपने कार्य क्षेत्र में प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के साथ समन्वय करते हुए कार्य करेंगे।