सफाई कर्मी की मौत मामले में जिला प्रशासन की सफाई सवालों के घेरे में आ गई है। सूचना विभाग की ओर से बताया गया कि छत गिरने से सफाई कर्मी की जान गई है जबकि इसी विज्ञप्ति में आगे लिखा है कि मृतक के शरीर पर किसी बाहरी चोट के निशान नहीं थे।
प्रशासन की इसी सफाई पर सवाल खड़े करते हुए आम लोगों का कहना था कि छत से गिरने के बाद भी शरीर पर बाहरी चोट न होने की बात आसानी से हजम नहीं हो रही है। विज्ञप्ति में प्रशासन ने यह भी उल्लेख किया है कि मृत्यु का कारण अस्पष्ट है।
प्रशासन ने यह तथ्य भी छिपाने का प्रयास किया कि संबंधित सफाई कर्मी की ड्यूटी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में लगाई गई थी। इलाके के सीएचसी से दिवंगत सफाई कर्मी की जो फोटो सामने आई उसमें उसके शरीर पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का परिचय पत्र भी मौजूद है। जबकि प्रशासन की विज्ञप्ति में लिखा है कि वह जलालपुर विकासखंड में सफाई कर्मी के पद पर तैनात था। सफाई कर्मियों का कहना है कि प्रशासन का यह रवैया गैर जिम्मेदाराना व दुर्भाग्यपूर्ण है।