रामलीला की तैयारी में रिहर्सल करते कलाकार।
नगराम। शारदीय नवरात्र पर हर साल परंपरागत होने वाली रामलीला 24 सितंबर से शुरू होगी। इसकी तैयारियों के क्रम में नाटक में भाग लेने वाले पात्र हर दिन रिहर्सल कर रहे हैं।
बताते हैं कि 128 साल पहले से नगराम कस्बे में स्व. क्षमापति बाजपेई व स्व. गुरु प्रसाद के निर्देशन में रामलीला की शुरुआत हुई थी। वर्तमान में आदर्श रामलीला कमेटी के निर्देशक विमल गुप्ता की ओर से ब्राह्मण टोला स्थित ठाकुरद्वारा में पात्रों के चरित्र चित्रण पर आधारित कथानक का रिहर्सल कराया जा रहा है। कमेटी के अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि रामलीला का मंचन 24 सितंबर से शुरू होकर तीन अक्तूबर को समाप्त होगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 24 सितंबर को रात के समय पहले नारद मोह कथा का सजीव मंचन होगा। 25 को सीता स्वयंवर व 26 को राम वनगमन का मंचन किया जाएगा। 27 को भरत मिलाप, 28 को सीता हरण, जटायु मरण, 29 को सुग्रीव मित्रता व बालि वध, 30 सितंबर को लंका दहन, लक्ष्मण शक्ति, 1 अक्तूबर को कुंभकर्ण व मेघनाद वध, 2 को विजय दशमी, 3 अक्तूबर को राजतिलक व लवकुश कांड का मंचन होगा।
मंच संचालक सतीश शर्मा के अनुसार मोहित गुप्ता राम का पात्र, तो शुभम गुप्ता लक्ष्मण की भूमिका निभाएंगे। भारत लाल चौरसिया रावण का किरदार अदा करेंगे। सीता का किरदार विमल गुप्ता, हनुमान का पात्र संजय यादव निभाएंगे।