लखनऊ। सफाई कार्य में लापरवाही को लेकर लखनऊ स्वच्छता अभियान (रामकी) कंपनी पर पिछले दो दिन में दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। एक वर्ष के अंदर में कंपनी पर करीब दो करोड़ रुपये का जुर्माना लग चुका है। इसके बावजूद कार्य में सुधार नहीं दिख रहा।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. पीके श्रीवास्तव ने बताया कि 18 नवंबर को उन्होंने कमता चौराहा के आसपास, शहीद पथ सर्विस लेन से होते हुए कठौता चौराहा और उसके आसपास सफाई व्यवस्था की जांच की, जो सही नहीं मिली। कमता चौराहा के पास जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे थे। नालियां चोक थीं। कठौता चौराहा पर कूड़ा जलता मिला। विजयंत खंड में खाली प्लाॅट में कूड़े का ढेर था। इसके अलावा विभूति खंड और विजयंत खंड में गंदगी मिली। इस पर लखनऊ स्वच्छता अभियान कंपनी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा 17 नवंबर को देवा रोड, रिंग रोड, कुर्सी रोड व उसके आसपास सफाई व्यवस्था खराब मिलने पर जोनल अधिकारी जोन सात ने भी एक लाख का जुर्माना रामकी कंपनी पर लगाया है। इस दिन बीबीडी विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम था। उसके बाद भी सफाई कार्य में लापरवाही की गई।