अयोध्या के आसमान में फिर बिखरा दिव्य प्रकाश
- फोटो : विभाग
दीपोत्सव की रौनक के बाद जमघट के मौके पर सोमवार की शाम अयोध्या के आसमान में एक बार फिर तकनीक और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। पर्यटन विभाग की ओर से अयोध्यावासियों के लिए 2100 स्वदेशी ड्रोन के जरिए विशेष शो का आयोजन किया गया। इसमें आसमान पर उभरी रामायण के विभिन्न प्रसंगों ने लोगों को आकर्षित किया।
दीपोत्सव के मुख्य आयोजन में सात नवंबर को प्रस्तुत किया गया यह ड्रोन शो सोमवार को एक बार फिर स्थानीय लोगों के लिए आयोजित किया गया। करीब 2100 ड्रोन ने एक साथ उड़ान भरकर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान जी की भव्य आकृतियां बनाईं। इसके बाद रावण वध, पुष्पक विमान और भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी के दृश्य आसमान में साकार हुए। राम दरबार और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की आकृतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।