डॉ. राम विलास वेदांती
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की तैयारी के साथ ही दिव्यता व भव्यता को लेकर फिर नई बहस छिड़ गई है। राम मंदिर आंदोलन में शामिल रहे पूर्व सांसद डॉ. रामविलास दास वेदांती ने वर्तमान मंदिर मॉडल को अपर्याप्त बताते हुए परिवर्तन करने की मांग उठाई है।
उन्होंने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री सहित ट्रस्ट को पत्र लिखकर राममंदिर की उंचाई 1111 फीट करने की मांग की है। हालांकि श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पहले ही संकल्प जता चुके हैं कि विहिप के प्रस्तावित मंदिर मॉडल में कोई बदलाव नहीं होगा।
पत्र में कहा गया है कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के गठन के बाद मंदिर निर्माण की जिम्मेदारी ट्रस्ट की है। ऐसे में 1989 में प्रस्तावित श्रीराम जन्मभूमि की ऊंचाई को परिवर्तित कर इसे दुनिया का सर्वश्रेष्ठ दिव्य और भव्य मंदिर बनाना ट्रस्ट का उत्तरदायित्व बन जाता है।
इस मंदिर का शिखर लगभग 1111 फीट ऊंचा होना चाहिए। उन्होंने ट्रस्ट के सचिव को देश-विदेश के अनेक हिंदू मठ मंदिरों की भव्यता और ऊंचाई का भी उदाहरण दिया है।