आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आज दोपहर लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे, यहां से वे सीधे अयोध्या के लिए रवाना हो गए। एयरपोर्ट पर केजरीवाल ने श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में प्रधानमंत्री की चुप्पी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सोचिए, चंपत राय ने प्रधानमंत्री को हिसाब देने से मना कर दिया।
उन्होंने कहा कि चंपत राय की इतनी हिम्मत कैसे हो गई? चंपत राय ऐसे क्या राज जानते हैं कि प्रधानमंत्री भी उनके सामने मजबूर हैं? दूसरी तरफ एसआईटी छोटे-छोटे कर्मचारियों को बुलाकर करोड़ों हिंदुओं की आंखों में धूल झोंक रही है। श्रीराम मंदिर से चढ़ावा चोरी की जिस तरह की खबरें आ रही हैं, उससे मेरा और मुझ जैसे करोड़ों लोगों का मन बहुत आहत व व्यथित है।
इन लोगों ने भगवान जी का चढ़ावा, उनकी माला और उनकी पादुका तक चोरी कर ली। बताया जा रहा है कि लगभग 200 करोड़ कैश और श्रद्धालु द्वारा दी गई 200 किलो चांदी भी चोरी कर ली गई है। केजरीवाल ने एसआईटी पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह एसआईटी किस कानून की किस धारा के तहत बनी है? इसके पास जांच करने की कोई पावर ही नहीं है।
यह एसआईटी लोगों की आंखों में केवल धोखा है। यह पूरे मामले में लीपापोती करने के लिए है। इसका काम केवल बड़े-बड़े लोगों को बचाना है। इससे पहले केजरीवाल का राज्यसभा सांसद और प्रदेश प्रभारी संजय सिंह समेत पार्टी नेताओं ने स्वागत किया। वे शुक्रवार को भगवान श्रीराम का दर्शन करेंगे और हनुमानगढ़ी जाकर संतों से मुलाकात भी करेंगे।