जांच के दौरान कुछ भूमि सौदों को लेकर उठे सवालों की भी पड़ताल की जा रही है। हाल ही में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने सोशल मीडिया पर जमीन खरीद से संबंधित दस्तावेज साझा करते हुए आरोप लगाया था कि करीब तीन करोड़ रुपये मूल्य की एक भूमि का सौदा राम मंदिर ट्रस्ट ने लगभग 24 करोड़ रुपये में किया। एसआईटी संबंधित दस्तावेजों, मूल्यांकन रिपोर्टों और भुगतान रिकॉर्ड का परीक्षण कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने में जुटी है।
राम मंदिर ट्रस्ट की 21 मार्च को हुई बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार ट्रस्ट ने अक्तूबर 2025 से 28 फरवरी 2026 के बीच कुल 71 एकड़ जमीन खरीदी है। जमीन खरीद पर कुल पांच करोड़ 69 लाख 48 हजार 650 रुपये व्यय किए गए। बैठक में प्रस्तुत विवरण के अनुसार 2691 वर्गफुट जमीन 43.34 लाख रुपये, 5974 वर्गफुट जमीन 94.17 लाख रुपये, 12,378 वर्गफुट जमीन 2.54 करोड़ रुपये तथा 9788 वर्गफुट जमीन 1.54 करोड़ रुपये में खरीदी गई। इन जमीनों से संबंधित पत्रावलियों की भी एसआईटी जांच कर रही है।