सुल्तानपुर के विकास खंड क्षेत्र मोतिगरपुर के बागसराय निवासी सलीम ने बेटी के निकाह में हिंदुओं को निमंत्रित करने के लिए राम-सीता की फोटो तो मुस्लिम बिरादरी को निमंत्रित करने के लिए अपने मजहब के हिसाब से तस्वीर छपवाई। जिले भर में सलीम के इस प्रयास की चहुंओर सराहना हो रही है।
दरअसल, बागसराय गांव में हिंदू व मुस्लिम दोनों धर्मों के लोग रहते हैं। आसपास के क्षेत्रों में इस गांव की हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल दी जाती है। यहां चाहे हिंदू हो या फिर मुसलमान, दोनों की समुदाय के लोग एक-दूसरे के काम में हाथ बंटाते हैं। गांव की पुरानी परिपाटी को और मजबूत करने के लिए सलीम ने यह अभिनव कदम उठाया है।
उन्होंने 29 को संपन्न हुई अपनी बेटी जहानाबानो की शादी में 400 मुस्लिम व 350 हिंदू लोगों को निमंत्रित करने के लिए कार्ड छपवाया था। हिंदुओं को बांटने वाले कार्ड पर भगवान राम व मां सीता की फोटो छपवाई।
पहली बार किसी मुस्लिम परिवार की ओर से राम-सीता की फोटो छपा कार्ड पाकर हिंदू समुदाय के लोग अचंभित हो गए। रविवार को मुस्लिम रीति-रिवाज से सलीम की बेटी की शादी जयसिंहपुर विकासखंड क्षेत्र के अता मोहम्मद के पुत्र यूसुफ मोहम्मद के साथ संपन्न हो गई।
शादी के मौके पर पहुंचे हिंदू-मुस्लिम समुदाय के लोगों ने न सिर्फ सलीम के घर पहुंचकर नव दंपती को आशीर्वाद दिया बल्कि उनके इस प्रयास की सराहना भी की।