आजम खां अक्सर राज्यपाल पर निशाना साधते रहे हैं
- फोटो : amar uajla
बेईमान महापौरों को राजभवन का संरक्षण दिए जाने वाले नगर विकासमंत्री आजम खां के बयान का पूरा रिकॉर्ड राज्यपाल राम नाईक ने तलब कर लिया है। आजम ने मंगलवार को विधानसभा में नगर निगमों और नगर पालिकाओं से सम्बंधित विधेयकों के राजभवन में लंबित होने का उल्लेख करते हुए टिप्पणी की थी।
राजभवन से बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि राज्यपाल ने आजम सहित आप (विधानसभा अध्यक्ष) और अन्य सदस्यों की बातों की असंपादित प्रति, ऑडियो-वीडियो सीडी जल्द से जल्द मांगी है। वे इन्हें पढ़ना व सुनना चाहते हैं।
क्या है पत्र में: राजभवन ने विस अध्यक्ष को जो पत्र भेजा है उसमें लिखा है कि राज्यपाल ने अखबारों में प्रकाशित समाचार संज्ञान लिया है।
वो राज्यपाल के विचाराधीन दो विधेयकों क्रमश: उत्तर प्रदेश नगर निगम(संशोधन) विधेयक 2015 तथा उत्तर प्रदेश नगरपालिका विधि (संशोधन) विधेयक 2015 पर 8 मार्च, 2016 को आजम खां, संसदीय कार्य एवं शहरी विकास मंत्री तथा आप (विधानसभा अध्यक्ष) समेत कुछ सदस्यों की टिप्पणी की असंपादित प्रतियां व सीडी देखना चाहते हैं।