श्रीराम मंदिर निर्माण शुरू होने के बाद अयोध्या का तेजी से विकास होने और पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि का अनुमान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या को वैभवशाली व समृद्ध नगरी बनाने का जो संकल्प लिया है, अगर उसने आकार लिया तो रामनगरी की अर्थव्यवस्था भी तेज रफ्तार से बढ़ेगी।
अंबानी, अडानी जैसे कॉरपोरेट घरानों ने पांच सितारा होटल, प्लाजा, रिहायशी आधुनिक सुविधायुक्त कॉलोनी बनाने में जिस तरह निवेश करने की बेताबी दिखाई है, उससे अयोध्या के दिन बहुरने के साफ संकेत मिल रहे हैं।
एक अनुमान है कि मंदिर निर्माण का कार्य आगे बढ़ने के साथ ही अयोध्या में औसतन 6 फीसदी की दर से बढ़ने वाले पर्यटकों की संख्या तीन साल में दोगुनी हो जाएगी।
अयोध्या को विश्वस्तरीय सिटी बनाने के लिए जनसुविधाएं बढ़ाने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके तहत सरकार ने वहां आसपास की जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक लगा दी है। अयोध्या के चारों ओर फोरलेन मार्ग, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के लिए 600 एकड़ भूमि के अधिग्रहण का आखिरी दौर चल रहा है।