परिवहन निगम 8 अगस्त से प्रदेशव्यापी रक्षाबंधन स्पेशल बसों का संचालन करने जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए इन बसों का संचालन 13 अगस्त तक होगा।
दिल्ली एवं लखनऊ से पूर्वांचल स्पेशल बसें चलेंगी। संचालन की निगरानी के लिए अधिकारियों और कर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई है।
इस अवधि में जो ड्राइवर एवं कंडक्टर लोड फैक्टर अधिक लाएंगे, उनको प्रोत्साहन भत्ता दिया जाएगा।
निगम के प्रबंध निदेशक मुकेश मेश्राम द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार 10 अगस्त के रक्षाबंधन पर्व के चलते दिल्ली से पूर्वांचल की बसें गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली से चलेंगी।
वहीं दिल्ली से ही इटावा, अलीगढ़, कानपुर होते हुए पूर्वांचल को बसें जाएंगी। क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देशित किया गया कि यात्री अधिक होने पर यदि लोड फैक्टर 60 फीसदी मिलता है तो अतिरिक्त बस का संचालन भी किया जाए।
दिल्ली के आनंद विहार और लखनऊ के आलमबाग एवं कैसरबाग अड्डे पर पूर्वांचल के वाराणसी, गाजीपुर, देवरिया, गोरखपुर, महाराजगंज, सोनौली, महाराजगंज, इलाहाबाद, जौनपुर, बस्ती आदि के लिए स्पेशल बसों का संचालन होगा।
जो ड्राइवर एवं कंडक्टर छह दिन में तय किमी की दूरी को पूरा करके निगम की इनकम कराएंगे, वह 660 रुपये का प्रोत्साहन भत्ता के हकदार होंगे।