दिवंगत सपा नेता मोहन सिंह की बेटी कनकलता सिंह ने सोमवार को राज्यसभा की सीट के लिए सपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री समेत कई मंत्री और विधायक मौजूद थे। राज्यसभा की दो रिक्त सीटों के लिए 20 दिसंबर को उपचुनाव होना है। नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 10 दिसंबर है।
एक सीट के लिए सपा ने कनकलता सिंह को प्रत्याशी बनाया है और दूसरी सीट के लिए देर शाम तक पत्ते नहीं खोले।
कनकलता सिंह के पिता सपा महासचिव और राज्यसभा सदस्य मोहन सिंह का 22 सितंबर को निधन हो गया था।
उनका कार्यकाल चार जुलाई 2016 तक था। दूसरी सीट कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य रशीद मसूद को कोर्ट से सजा होने के बाद अयोग्य घोषित करने से खाली हुई है।
मसूद का कार्यकाल दो अप्रैल 2018 तक था। कनकलता को उनके पिता के निधन से रिक्त हुई सीट के लिए उम्मीदवार बनाया गया है।
कनकलता सिंह ने सोमवार को प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप कुमार दुबे के समक्ष नामांकन पत्र के दो सेट दाखिल किए।
एक में नगर विकास मंत्री आजम खां और दूसरे में लोक निर्माण मंत्री शिवपाल यादव समेत अन्य विधायकों के हस्ताक्षर हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी मौजूद रहे।
सपा के ही चुने जाएंगे दोनों सांसद
चूंकि सपा को विधानसभा में पूर्ण बहुमत हासिल है इसलिए संभावना है कि राज्यसभा की दोनों सीटों पर सपा प्रत्याशी ही चुने जाएंगे।
प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 11 दिसंबर को होगी। नाम वापसी 13 तक हो सकती है।
यदि केवल दो नामांकन पत्र दाखिल हुए तो उन्हें 13 दिसंबर को ही निर्वाचित घोषित कर दिया जाएगा। दो से ज्यादा प्रत्याशी रहने पर 20 दिसंबर को मतदान होगा।
एमए पास हैं कनकलता
नामांकन दाखिल करने वाली 49 वर्षीया कनकलता सिंह विशालखंड गोमती नगर में रहती हैं। वह गृहिणी हैं और उनके पति त्रियुगी शासकीय सेवा में हैं।
उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से 1982 में प्राचीन इतिहास में एमए किया है। बीए भी उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से ही किया है।
हाईस्कूल और इंटमीडिएट की पढ़ाई उन्होंने यूपी बोर्ड से की है। उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
दंपती के पास 3.34 करोड़ की संपत्ति
कनकलता और उनके पति त्रियुगी के पास लगभग 3.34 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है।
इनमें कनकलता के पास एक करोड़ 44 लाख 79 हजार और त्रियुगी के पास एक करोड़ 89 लाख 38 हजार रुपये की नकदी, निवेश या भूमि आदि है।
कनकलता की ओर से दाखिल शपथपत्र के अनुसार उनके पास आधा किलो सोना और एक किलो चांदी के जेवर हैं। उनके पति के पास जेवर तो नहीं लेकिन 1.50 लाख रुपये का रिवाल्वर है।