यूपी राज्य सड़क परिवहन निगम के नव नियुक्त प्रबंध निदेशक राजशेखर ने सोमवार शाम को जिम्मेदारी संभाल ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा व सुगमता को उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इसके लिए जो कुछ आवश्यकताएं होगी पूरी की जाएगी। यात्रा को आरामदायक बनाने के लिए यात्रियों से फीड बैक भी लिया जाएगा। इसके लिए आईटी एवं ई-गवर्नेंस के तालमेल से कॉल सेंटर, वेबसाइट व मोबाइल एप लॉन्च किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि निगम की 9,400 और अनुबंधित 3,000 बसों में सुविधाएं बढ़ाने के लिए जल्द योजना बनाई जाएगी। वहीं, ग्रामीणों की सुगमता के लिए बस का गांव कनेक्शन होगा। इससे ग्रामीण गांव से शहर का आवागमन आसानी से कर पाएंगे। इस योजना के तहत 1,008 गांवों को बस से जोड़ने का कार्य चल रहा है। इसके लिए निजी ऑपरेटरों से बस को अनुबंध पर लिया जाएगा। वहीं, निगम की बसों की तुलना में आठ फीसदी चालकों की कमी को खत्म करने के लिए भर्ती होगी।
उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों के परिवहन निगम की योजनाओं का अध्ययन करके उन्हें लागू करेंगे। परिवहन निगम 20 करोड़ रुपये के लाभ में है। अधिकारी व कर्मचारी टीम भावना से कार्य इसे और बढ़ाएंगे।