उन्होंने कहा कि भाजपा की पहल का ही नतीजा है कि सीमा क्षेत्रों में एकीकृत जांच चौकी की स्थापना शुरू हो सकी है। भारत-नेपाल सीमा पर रुपईडीहा में यूपी की पहली एकीकृत चौकी बन रही है।
उन्होंने कहा कि 200 करोड़ का बजट इसके लिए स्वीकृत किया गया है। दो वर्ष में इसका निर्माण पूरा हो जाएगा। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही व्यापारियों को आयात-निर्यात में सहूलियत होगी।
गृहमंत्री ने इस अवसर पर भाजपा सरकार की उपलब्धियों का भी बखान किया। कहा कि साढ़े सात करोड़ लोगों को अब तक आयुष्मान योजना के तहत नि:शुल्क इलाज मुहैया कराया गया है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री अनुपमा जायसवाल, महसी विधायक सुरेश्वर सिंह, पयागपुर के सुभाष त्रिपाठी, अक्षयवरलाल गोंड, जिलाध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल समेत काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा निरंतर निखर रही है। लोकसभा चुनाव में विपक्षी दल भले ही कोई गठबंधन कर ले लेकिन, भाजपा 80 में से 72 सीटें जीतेगी। कांग्रेस का कोई विजन नहीं है। भाजपा की नीति और नियति साफ है।
नेपाल में बड़े नोट का चलन बंद होने की जानकारी से इनकार
गृहमंत्री राजनाथ सिंह से जब नेपाल में भारतीय मुद्रा के 200, 500 और दो हजार के नोटों का चलन बंद होने के बारे में सवाल किया गया तो बोले इस बारे में मुझे जानकारी नहीं है। नेपाल सरकार से बातचीत कर समाधान करवाएंगे।