बाबरी मस्जिद मामले की पैरोकारी बेटे को सौंपने वाले हाशिम अंसारी के पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बयान पर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा अगर हाशिम मिलना चाहते हैं तो उनके लिए प्रधानमंत्री के दरवाजे खुले हुए हैं।
प्रधानमंत्री के दरवाजे हमेशा किसी से भी मुलाकात करने के लिए खुले हुए हैं। कोई भी उनसे मुलाकात कर सकता है। हालांकि रामलला की आजादी वाले हाशिम के बयान पर राजनाथ सिंह सिर्फ मुस्कुराए और धन्यवाद कह आगे बढ़ गए।
राजनाथ सिंह शनिवार को सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत अपने गोद लिए सरोजनीनगर स्थित गांव बेंती में थे। मीडिया से बातचीत में कश्मीर में सीरियल ब्लास्ट पर केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि जमात-उद-दावा के प्रमुख हाफिज सईद जैसे लोग देश को नुकसान नहीं पहुंचा सकते। खुफिया एजेंसियों से हमें सूचनाएं मिल रही हैं। उसके आधार पर हर जरूरी कदम गृह मंत्रालय उठा रहा है।
उत्तराखंड के रुड़की में हुए बम ब्लास्ट के सवाल पर उन्होंने कहा, इसकी मुझे पूरी जानकारी नहीं है। पूरी जानकारी के बाद ही कुछ कहना ठीक रहेगा। मीडिया के यादव सिंह से जुड़े सवाल पर गृहमंत्री ने सांसद कौशल किशोर की तरफ इशारा कर दिया। उन्होंने कहा- इस सवाल को आप हमारे सांसद जी से पूछ लीजिए।