केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह का कहना है कि देश की जीडीपी वृद्धि दर लगातार बेहतर हो रही है और अगले चार वर्ष के दौरान इसे 10 प्रतिशत या उससे ऊपर ही रखा जाएगा।
राजधानी के संगीत नाटक अकादमी के गाडगे सभागार में रविवार को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारी संघ के त्रिवार्षिक अधिवेशन में उन्होंने यह दावा किया। राजनाथ सिंह ने कहा कि बैंक कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री जन-धन योजना को सफल बनाने के लिए 12 से 14 घंटे बिना अवकाश लिए काम किया है। इसके लिए सरकार उनकी आभारी है।
उन्होंने खास तौर से एसबीआई का आभार जताया और कहा कि देश का अग्रणी बैंक होने के नाते एसबीआई ने बड़े भाई की भूमिका निभाते हुए देश की बैंकिंग इंडस्ट्री को मजबूती दी है।
उन्होंने बैंक अधिकारियों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के समापन पर पेंशनर्स की समस्याओं को लेकर पेंशनर्स संघ के महामंत्री दिनेश चंद्रा ने गृहमंत्री को एक ज्ञापन दिया।
चुनाव हारने के बाद हताश है कांग्रेस
कार्यक्रम के बाद गृहमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में अमेठी फूड पार्क को लेकर उठे विवाद पर कहा कि आम चुनाव हारने के बाद से कांग्रेस में हताशा है।
देश पर आंतकी हमलों को लेकर चेतावनियों पर गृहमंत्री ने कहा कि भारतीय सुरक्षा एजेंसियां इसे लेकर हमेशा सतर्क रहती हैं। देश में आतंकी घटनाएं नहीं होने दी जाएंगी।
बैंक पदाधिकारी गृहमंत्री के सामने रहे चुप
हाल ही जारी बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों के पांच साला वेज रिवीजन में नाम मात्र की वेतनवृद्धि जैसे मुद्दों को बैंक संगठनों के पदाधिकारियों ने गृहमंत्री के सामने नहीं उठाया। हालांकि उनके जाने के बाद इन पदाधिकारियों ने समस्याएं उठाईं।
उठाया कम वेतन का मुद्दा
कंफेडरेशन अध्यक्ष वाई. सुदर्शन ने कहा कि 15 प्रतिशत वेतनवृद्धि के बावजूद केंद्रीय कर्मचारियों के मुकाबले बैंक कर्मचारियों-अधिकारियों की तनख्वाह बेहद कम है।
अनुकंपा के आधार पर नियुक्तियां भी नहीं की जा रही हैं। फेडरेशन अध्यक्ष एम. श्रीनाथ ने अधिकारियों का आभार जताया।
कार्यक्रम में पदाधिकारियों अतुल स्वरूप, पवन कुमार, रवींद्र गुप्ता, डीपीएस छाबड़ा, एसबी पटेल, डीटीएफ राजेंद्र, जी. सुब्रमण्यम, जीसी मोदी, राकेश अग्रवाल, वीके यादव आदि का अभिनंदन किया गया। बैंक के महाप्रबंधक रंजन कुमार मिश्रा ने भी विचार रखे।