भारतीय जनता पार्टी ने बिहार चुनाव में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्टार प्रचारक बनाया है । प्रदेश से अभी तक सिर्फ दो लोगों को बिहार चुनाव में स्टार प्रचारक की जिम्मेदारी सौंपी गई है । जानकारी के मुताबिक, राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ को बिहार चुनाव में स्टार प्रचारक के रूप में उतारने के पीछे वहां के समीकरण हैं ।
बताया जाता है कि केंद्रीय मंत्री होने के अलावा राजनाथ सिंह का बिहार के कई जिलों में व्यक्तिगत प्रभाव है । कई प्रमुख लोगों से उनके रिश्ते हैं । जहां तक योगी की बात है तो वह मुख्यमंत्री होने के अलावा गोरक्षपीठ गोरखपुर के महंत भी हैं । बताया जाता है कि बिहार में ऐसे लोगों की संख्या बहुत बड़ी है जो इस पीठ में आस्था रखती है और प्रतिवर्ष मकर संक्त्रसंति के उत्सव में यहां आती है । इनका पीठ के साथ गुरु और शिष्य जैसा रिश्ता है । जिस कारण योगी का इनके बीच खासा प्रभाव है।
पूर्वोत्तर से लेकर दक्षिण तक जिम्मेदारी
पिछले कुछ वर्षों में योगी अपनी भाषण शैली के चलते भाजपा को वोट दिलाने वाले नेता के रूप में उभरे हैं । यही कारण है कि भाजपा ने उनका अब तक हर चुनाव में बतौर स्टार प्रचारक इस्तेमाल किया । वह चाहे कर्नाटक का चुनाव हो अथवा त्रिपुरा या फिर महाराष्ट्र का । भाजपा ने योगी का स्टार प्रचारक के रूप में इस्तेमाल किया ।