काली कमाई में आयकर विभाग के राडार पर आए सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश्वर सिंह को मंगलवार को निलंबित कर दिया गया। उन्हें पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव का करीबी माना जाता है। सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने राजेश्वर के साथ ही इलाहाबाद में तैनात अधीक्षण अभियंता जीसी अग्रवाल को भी टेंडर में अनियमितता के आरोप में निलंबित किया है।
बता दें कि हाल ही में आयकर विभाग ने नोएडा में तैनात सिंचाई विभाग के इंजीनियर राजेश्वर सिंह के अलग-अलग शहरों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। इसमें करोड़ों की काली कमाई का खुलासा हुआ था। सरकार ने इसका संज्ञान लेते हुए मंगलवार को राजेश्वर को निलंबित कर दिया।
इसी तरह इलाहाबाद में अधीक्षण अभियंता के पद पर तैनात जीसी अग्रवाल को भी निविदा आमंत्रित करने में की गई अनियमितता के चलते निलंबित किया गया है।
मुख्य अभियंता की जांच में पाया गया था कि अग्रवाल ने अपने परिचित ठेकेदार को फायदा पहुंचाने के लिए अनावश्यक रूप से शर्तें लगाई थीं। साथ ही अल्पकालिक निविदाओं के लिए पर्याप्त समय न देकर परिचितों को फायदा पहुंचाया था।