एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट ने इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित प्लाट नंबर 70 गोदरेज एटरनिया बिल्डिंग में तमजारा कैफे एंड क्लब के नाम से चल रहे डिस्कोथेक में रेड की। डिपार्टमेंट को सूचना मिली थी कि यहां बिना लाइसेंस के लोगों को शराब परोसी जा रही है। एक ईटीओ और एक्साइज इंस्पेक्टर ने तमजारा क्लब में बिना लाइसेंस के शराब परोसते पकड़ा। जहां गैर कानूनी ढंग से लीकर सर्व की जा रही थी। क्लब के मालिक व मैनेजर के खिलाफ बिना कार्रवाई की जाएगी।
रेड सोमवार रात करीब 11.50 बजे की गई। 30 से 40 युवा वहां अंदर बैठकर शराब पी रहे थे। ईटीओ व एक्साइज इंसपेक्टर ने क्लब के अंदर चल रही गतिविधियों की वीडियोग्राफी की। जब एक्साइज इंस्पेक्टर ने क्लब के मैनेजर से लीकर लाइसेंस दिखाने को कहा तो वे आनाकानी करने लगे। क्लब मैनेजर के पास लीकर लाइसेंस न होने के चलते एक्साइज डिपार्टमेंट ने मौके पर ही रिपोर्ट तैयार कर एक्साइज कमिश्नर के सामने पेश होने के लिए कहा।
एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट बिना लाइसेंस लीकर सर्व करने के मामले में शहर के दो नामी डिस्कोथेक व नाइट क्लब को शोकॉज नोटिस कर चुका है। ये सेक्टर-9 स्थित मियामी क्लब और इंडस्ट्रियल एरिया स्थित बारकोड क्लब हैं। दोनों क्लबों को एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर अजित बालाजी जोशी ने शोकॉज नोटिस कर पुलिस को एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश की है।
देर रात दो और क्लबों में की चेकिंग
एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने सोमवार देर रात करीब 11 बजे शहर के तीन अन्य क्लबों में भी चेकिंग की। इनमें सेक्टर-9 स्थित क्यूब 9 और बूमबॉक्स क्लब भी शामिल थे। हालांकि यहां एक्साइज डिपार्टमेंट को कुछ हासिल नहीं हुआ। यहां भी पुलिस व एक्साइज डिपार्टमेंट ने मिलकर सर्च की।
रिपोर्ट आ गई है। क्लब पर जल्द कार्रवाई की जाएगी। शोकॉज नोटिस के साथ क्लब पर पेनल्टी लगाई जाएगी।
- अजित बालाजी जोशी, डीसी कम एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर