केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री राजीव प्रताप रूड़ी ने कहा है कि देश के सभी 543 लोकसभा क्षेत्रों में अत्याधुनिक ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर खोले जाएंगे।
इसमें लाइट मोटर व्हीकल से लेकर हैवी मोटर व्हीकल, डंपर, डोजर, जेसीबी व कॉम्पैक्टर सहित अन्य वाहन चलाना सिखाया जाएगा। तीन महीने के प्रशिक्षण के बाद युवाओं को इसका लाइसेंस भी दिया जाएगा।
ओला कैब को ही एक लाख ड्राइवरों की जरूरत है, जबकि हर साल देश में 18 लाख ड्राइवरों की जरूरत होती है। देश में अच्छे प्रशिक्षित ड्राइवरों की कमी है। यह ड्राइविंग सेंटर इस कमी को दूर करेंगे। रोजगार मेलों के माध्यम से एक माह में यूपी के एक लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है।
'सात हजार से बीस हजार रुपये तक दिए जाएंगे'
केंद्रीय मंत्री मंगलवार को लखनऊ में दो दिवसीय रोजगार मेले के समापन पर बोल रहे थे। भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के तत्वावधान में राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) की ओर से काल्विन ताल्लुकेदार्स कॉलेज के ग्राउंड में लगे इस मेले में दो दिनों में करीब 21 से 22 हजार युवाओं ने हिस्सा लिया। इनमें से करीब दो हजार को निजी क्षेत्रों में रोजगार दिलाया गया। इन्हें सात हजार से लेकर 20 हजार रुपये तक मिलेंगे।
छह दिव्यांगों को भी ऑफर लेटर
रोजगार मेले में 10 दिव्यांग युवाओं ने भी हिस्सा लिया। इनमें से छह को रोजगार मिल गया है। पोलियो के कारण दिव्यांग हुए सुरेश प्लंबर का काम जानते हैं। इन्हें एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में राजमिस्त्री के काम का ऑफर मिला है। मनोज, सुरेंद्र, रेशमा व रोली को भी उनकी योग्यता के अनुसार जॉब ऑफर हुए हैं।
गरीबों व किसानों के कल्याण में लगेगा टैक्स का पैसा
वहीं, भाजपा कार्यालय पर उन्होंने मीडिया को सम्बोधित करते हुए कहा कि नोटबंदी से जमा हुए कालेधन से मिले टैक्स का पैसा मजदूरों, गरीबों व किसानों के कल्याण में खर्च किया जाएगा। इस पैसे को केंद्र सरकार अपने खजाने में जमा नहीं करेगी। यह पैसा सीधे गांव के विकास में लगाया जाएगा और इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित किए जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, नोटबंदी से आतंकवाद व नक्सलवाद की कमर टूट गई है। 500 व 1000 के नोट से देश विरोधी गतिविधियां संचालित हो रही थीं। जम्मू-कश्मीर में पत्थरबाजी की घटना भी ऐसे ही करवाई जा रही थी। देश की आबादी का एक बड़ा हिस्सा आज भी 150 रुपये प्रति दिन से कम में अपना खर्च चलाता है।
नोटबंदी से आम लोगों को आंशिक परेशानी हो रही है, लेकिन यह फैसला देश हित में है। हम कैशलेस सोसाइटी की ओर बढ़ रहे हैं। पीएम मोदी द्वारा भाजपा सांसदों व विधायकों से बैंक खातों की डिटेल मांगने पर रूड़ी नहे कहा कि हम पारदर्शिता के साथ एक जनवरी को अपने-अपने जिले के भाजपा अध्यक्ष को बैंक खाते की डिटेल सौंप देंगे।
ममता की रैली में सिर्फ 400 लोग
रूड़ी ने कहा कि नोटबंदी पर विपक्ष के विरोध की हवा निकल गई है। लखनऊ में तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी की रैली में महज 400 लोग ही जुट सके। आम जनता सरकार के फैसले के साथ है। इसका प्रमाण महाराष्ट्र के नगरपालिका व नगर पंचायत चुनाव के परिणामों हैं।
भाजपा को विकल्प के रूप में देख रही जनता
सपा का नाम लिए बगैर रूड़ी ने कहा, एक पार्टी अपनी पारिवारिक कलह से ही उबर नहीं पा रही है। अधिकांश राजनीतिक दलों का भी यही हाल है, जहां परिवार व व्यक्तियों में सिद्धांत निहित होते हैं।
मायावती के शासन को भी जनता अच्छी तरह देख चुकी है। अब उन्हें सपा-बसपा के विकल्प की तलाश है। उन्होंने कहा, अब जनता यूपी में भाजपा को ही विकल्प के रूप में देख रही है।