लखनऊ। विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह के खिलाफ पुलिस आयुक्त व डीजीपी को पत्र लिखा गया है। यह पत्र भानवी सिंह के पिता रवि प्रताप सिंह और मां मंजुल सिंह ने लिखा है। दोनों ने भानवी से जान का खतरा बताया है। आरोप है कि संपत्ति के लालच में भानवी उन लोगों को प्रताड़ित कर रही हैं।
पत्र में भानवी को उनके घर आने से रोकने और सुरक्षा की मांग की गई है। मंगलवार रात में भानवी हजरतगंज में सिल्वर ओक अपार्टमेंट स्थित अपने पिता के फ्लैट पर गई थीं। इस दौरान उन्हें दरवाजे पर दस्तक दी थी। हालांकि, किसी ने दरवाजा नहीं खोला था। इसके बाद वहां काफी हंगामा भी हुआ था। पुलिस ने मौके पर जाकर भानवी को शांत कराकर वापस भेज दिया था। इसके बाद से दोनों पक्षों से आरोप प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। रवि प्रताप सिंह का आरोप है कि कुछ वर्ष पहले बस्ती स्थित घर का ताला तोड़कर भानवी जबरन घुस गई थीं। पत्र में लिखा है कि भानवी नौकरों को रिश्वत देकर खाने में जहर देने के लिए कहती हैं। आरोप है कि उन्होंने भरोसा कर भानवी को पावर ऑफ अटॉर्नी किया था, लेकिन उसने बिना पूछे करोड़ों की संपत्ति बेच दी।