प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर
- फोटो : amar ujala
अमेठी में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा राफेल डील को लेकर पीएम मोदी पर निशाना साधने के बाद प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने भी प्रधानमंत्री पर हमला बोला है। लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर आजमगढ़ के बसपा नेता मृत्युंजय व उनके साथियों को कांग्रेस की सदस्यता दिलाने के बाद अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा, अब समय आ गया है कि झूठों को सत्ता से बाहर किया जाए। ये काम युवा ही कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि देश का चौकीदार चोर साबित हो चुका है। राफेल मुद्दे पर जनता से लगातार झूठ बोला जा रहा है और पीएम मोदी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। इस सरकार को युवा ही बाहर का रास्ता दिखा सकते हैं।
वहीं, अमेठी में अपने दौरे के दूसरे दिन राहुल गांधी ने कहा नरेंद्र मोदी के जो काम हैं- राफेल सौदा, ललित मोदी, विजय माल्या, नोटबंदी, इन सब में चोरी है। एक-कर कर हम दिखा देंगे कि नरेंद्र मोदी चौकीदार नहीं हैं, वो चोर हैं।
उन्होंने मीडिया वालंटियर्स को संबोधित करते हुए कहा कि अभी तो सिर्फ शुरुआत हुई है। अभी देखना बहुत मजा आएगा। आने वाले दो-तीन महीनों में हम आपको बहुत मजा दिखाएंगे।