रविवार को अवध के अलग-अलग जिलों में हुए हादसों में 11 लोगों की मौत हो गई। सीतापुर में तीन, बलरामपुर में तीन तथा श्रावस्ती, बहराइच, अमेठी, बाराबंकी और गोंडा में एक-एक व्यक्ति की जान गई। मकान गिरने से रामपुर में दो और संभल में एक की मौत हुई है। रामपुर में बारिश का पानी निकालते समय करंट लगने से एक महिला की जान चली गई। हरदोई, फर्रुखाबाद में तीन-तीन, कानपुर देहात में दो और उन्नाव में एक की मौत हुई है। बरेली में छह व प्रतापगढ़ में दो महिलाओं व बेवर में दीवार गिरने से किसान की मौत हो गई।
फर्रुखाबाद में 320 मिमी, गोरखपुर में 234.2 मिमी और लखीमपुर खीरी में 195 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बारिश और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए योगी सरकार ने राहत एवं बचाव कार्यों को तेज कर दिया है। आंधी-बारिश से प्रदेश में 1021 मकान क्षतिग्रस्त होने पर प्रशासन मदद उपलब्ध कराने में जुटा है। राहत आयुक्त ऋषिकेश भास्कर यशोद ने रविवार को जिलाधिकारियों और अपर जिलाधिकारियों के साथ राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद करने के निर्देश दिए। फसल क्षति का सर्वेक्षण और आकलन कर सहायता देने के निर्देश दिए।
लखनऊ में मूसलाधार बारिश से सड़कें धंसीं
- फोटो : अमर उजाला
बंगाल की खाड़ी में बना मौसम तंत्र कमजोर पड़ने से सोमवार से बारिश की गतिविधियां घटेंगी। कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी ही हो सकती है। मंगलवार तक पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में हल्की बारिश के आसार हैं। इसके बाद मौसम के साफ होने के साथ दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। बारिश और हवाओं की रफ्तार कम होने के साथ अगले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। - अतुल कुमार सिंह, वरिष्ठ वैज्ञानिक, क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र
लगातार बारिश के कारण आवागमन व बिजली की समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने सोमवार को भी जिले में नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी स्कूल-कॉलेज बंद रखने के आदेश दिए हैं। डीएम प्रियंका निरंजन ने बताया कि बीएसए और डीआईओएस को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने बताया कि सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को आदेश का पालन करने को कहा गया है। सोमवार को स्कूलों में पठन-पाठन नहीं होगा।