राजधानी समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हुई झमाझम बारिश से पिछले कई दिनों से बिजली संकट झेल रहे लोगों को राहत मिली है।
बिजली की मांग में 1500 मेगावाट तक की कमी होने से पावर कॉर्पोरेशन पर भी दबाव कम हुआ है। शुक्रवार को बिजली की कमी को पूरा करने के लिए 12 मिलियन यूनिट से ज्यादा बिजली एनर्जी एक्सचेंज से खरीदी गई।
बारिश होने से प्रदेश में बिजली की मांग घटकर 9,500-10,000 मेगावाट के बीच रह गई है, जबकि उपलब्धता 10,000 मेगावाट से ऊपर है।
ज्यादा उपलब्धता से गांव व शहरों में शिड्यूल से ज्यादा आपूर्ति की जा रही है। इस बीच तकनीकी गड़बड़ी से बंद हुई अनपरा की 500 मेगावाट क्षमता की इकाई को भी लाइटअप कर दिया गया है। इससे बिजली की किल्लत काफी हद तक और दूर होने की उम्मीद जताई जा रही है।
पावर कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक एपी मिश्र का कहना है कि बारिश के चलते बिजली की मांग घट गई है। हालांकि आज एनर्जी एक्सचेंज से 12 मिलियन यूनिट से ज्यादा बिजली खरीदी गई।