यूपी में इस मानसून में बारिश का बड़ा अंतर, चित्रकूट में 68% ज्यादा तो देवरिया में 74% कम
या,
- यूपी में इस मानसून में रहा बड़ा उलटफेर, कहीं 1246 मिमी बारिश, कहीं 165 मिमी भी नहीं
प्रदेश में बारिश सामान्य के करीब, लेकिन जिलों में बड़ा फर्क; बुंदेलखंड-पश्चिमी यूपी में खूब बरसे बादल, पूर्वांचल के कई जिले पिछड़े
विनीत चतुर्वेदी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून अब विदाई की ओर है। मौसम विभाग के मुताबिक, 19 सितंबर से पश्चिमी राजस्थान से मानसून की वापसी शुरू हो सकती है। इस बीच एक जून से 18 सितंबर तक की बारिश ने प्रदेश में मानसून का अलग-अलग रंग दिखाया। कुल बारिश सामान्य से सिर्फ चार प्रतिशत कम रही, लेकिन जिलों में इसका बंटवारा बेहद असमान रहा। चित्रकूट में जहां 1245.9 मिमी बारिश हुई, वहीं कई जिलों में बारिश सामान्य से काफी कम रही।
- प्रदेश का औसत सामान्य के करीब, जिलों में बड़ा अंतर
प्रदेश में इस अवधि में 675.4 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश 707.1 मिमी है। यानी कुल कमी चार प्रतिशत रही। लेकिन जिलेवार तस्वीर इससे बिल्कुल अलग है। चित्रकूट में सामान्य से 68 प्रतिशत अधिक बारिश हुई, जबकि देवरिया में 74 प्रतिशत कम। इससे साफ है कि प्रदेश का औसत आंकड़ा बारिश के असमान वितरण की पूरी तस्वीर नहीं बताता।
- बुंदेलखंड और कुछ पश्चिमी जिलों में खूब बरसे बादल
बुंदेलखंड में इस बार मानसून मेहरबान रहा। चित्रकूट में 1245.9 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 68 प्रतिशत अधिक है। महोबा में 972.8 मिमी बारिश सामान्य से 70 प्रतिशत ज्यादा रही। बांदा और हमीरपुर में भी सामान्य से क्रमश: 53 और 55 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज हुई।
पश्चिमी यूपी में संभल सबसे आगे रहा। यहां 1151.2 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 81 प्रतिशत अधिक है। मेरठ और मुजफ्फरनगर में भी सामान्य से क्रमश: 58 और 57 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई। वहीं शामली में सामान्य से 68 और गाजियाबाद में 63 प्रतिशत कम बारिश हुई।
इस बार पूर्वांचल में रहा बारिश का टोटा
पूर्वांचल में बारिश की कमी ज्यादा साफ दिखी। पूरे पूर्वी यूपी में सामान्य से 10 प्रतिशत कम बारिश हुई। गोरखपुर में सामान्य से 35, जौनपुर में 58, मऊ में 55 और संतकबीरनगर में 46 प्रतिशत कम बारिश हुई। देवरिया में स्थिति सबसे कमजोर रही, जहां सामान्य से 74 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई।
लखनऊ और आसपास की भी तस्वीर अलग
लखनऊ में सामान्य से चार प्रतिशत अधिक बारिश हुई। वहीं रायबरेली में सामान्य से 18 प्रतिशत कमी रही। प्रयागराज में 35 और वाराणसी में 17 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज हुई।