दिनभर धूप से आंख मिचौली के बाद मंगलवार देर रात राजधानी में गरज-चमक के साथ बादल बरस पड़े। शहर में 10 बजते-बजते धीमी तो कहीं रुक-रुककर हुई बूंदाबांदी ने लोगों को भिगोया।
हजरतगंज, डालीबाग, गोमतीनगर, कानपुर रोड, ट्रांसगोमती इलाकों में साढ़े 11 बजे के बाद तक भी हुई बारिश ने सिहरन बढ़ा दी। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बुधवार को भी दिनभर बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर बारिश, बूंदाबांदी हो सकती है।
इससे पहले मंगलवार को सुबह बदली, छिटपुट बूंदबांदी के बाद दोपहर में धूप संग बादलों ने उमस का अहसास कराया। हालांकि बीच-बीच में हवा के झोंको ने राहत दी। इन सबके बीच दिन का अधिकतम पारा सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 14.6 डिग्री दर्ज हुआ।