रेलवे ने ट्रेनों में अतिरिक्त बोगियां लगाने का दावा तो किया, लेकिन ट्रेन रवानगी के समय बोगी लगाना भूल गया। पैसेंजर फूलचंद यादव ने शिकायत दर्ज कराई कि 15065 गोरखपुर-पनवेल एक्सप्रेस में 18 मई से गोरखपुर से अतिरिक्त बोगी लगाने की घोषणा कर वाहवाही तो लूट ली, लेकिन थर्ड एसी का कोच लगाया तक नहीं। वहीं ट्रेनों में पानी व पंखे की समस्याओं से भी पैसेंजरों को दो-चार होना पड़ा। वहीं 12555 गोरखधाम एक्सप्रेस में थर्ड एसी बोगी बी-2 से यात्रा कर रहे राजीव पांडेय ने शिकायत दर्ज कराई कि बोगी में एसी ठप होने से सफर मुश्किल हो गई। वहीं 12523 न्यूजलपाईगुड़ी नई दिल्ली एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी एस-7 बोगी के यात्री सुभाष व 11110 झांसी इंटरसिटी के डी-6 में लाइट व पंखा खराब होने की शिकायत की गई।
ट्रेनों की लेटलतीफी नहीं थम रही है। रविवार को 19166 साबरमती एक्सप्रेस 14 घंटे लेट पहुंची। वहीं 04403 बरौनी-आनंदविहार टर्मिनल एसी एक्सप्रेस स्पेशल 13 घंटे, 14014 सद्भावना सवा दस घंटे, 12184 प्रतापगढ़-भोपाल सुपरफास्ट 8.30 घंटे, 15030 पुणे-गारेखपुर 7 घंटे, 15624 कामाख्या-भगत की कोठी पौने सात घंटे, 12523 न्यू जलपाईगुड़ी-नई दिल्ली 5.45 घंटे, 13240 कोटा-पटना 5.15 घंटे और 12588 जम्मू-गोरखपुर एक्सप्रेस 4.30 घंटे देरी से पहुंची।