लखनऊ के मानकनगर की आरडीएसओ कॉलोनी निवासी रेलवे अधिकारी की अनुपस्थिति में पारा निवासी नौकर प्रिंस श्रीवास्तव ने कक्षा नौ की छात्रा को बहाने से घर बुला लिया। अकेली छात्रा का मुंह दबाकर उसने रेप किया और भाग गया।
छात्रा रोती हुई घर पहुंची तो परिवारीजनों के होश उड़ गए। उन्होंने प्रिंस को पकड़ लिया लेकिन वह हाथापाई करके जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। पीड़ित परिवारीजन थाना पहुंचे और इंस्पेक्टर वकील अहमद से शिकायत की जिसके बाद प्रिंस को गिरफ्तार कर लिया गया।
इंस्पेक्टर ने बताया कि छात्रा की उम्र 15 साल है। उसकी मां घरों में खाना पकाती है व पिता पुताई का काम करता है। वह रेलवे अधिकारी के आवास के सामने रहने वाले एक अन्य अधिकारी के आवास में बने सर्वेंट क्वार्टर में रहती है। दोनों ही अधिकारी अपना घर नौकरों के भरोसे छोड़कर शहर से बाहर गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे प्रिंस ने सामने रहने वाली छात्रा को अखबार लाने और लाइट बंद करने के बहाने से घर बुलाया। छात्रा घर पहुंची तो प्रिंस ने उसका मुंह दबा लिया और जबरदस्ती की। विरोध करने पर पीटा।