ट्रेनों में होने वाली आपराधिक घटनाओं की रोकथाम एवं पीड़ित रेल यात्रियों को त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए चार अंकों की हेल्पलाइन सेवा शुरू की गई है।
इस योजना के तहत देश के किसी भी कोने से उत्तर प्रदेश की सीमा के अंदर कोई भी यात्री अपने मोबाइल फोन अथवा लैंडलाइन से 1512 नंबर डायल करने पर मुख्यालय राजकीय रेलवे पुलिस नियंत्रण कक्ष लखनऊ को शिकायत एवं घटना की सूचना दर्ज करा सकते हैं।
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अरविंद कुमार जैन ने मंगलवार को नई हेल्पलाइन सेवा के शुभारंभ के मौके पर यह बातें कहीं।
पुलिस मुख्यालय में हेल्प लाइन सेवा के शुभारंभ के मौके पर पत्रकारों से बातचीत में डीजीपी जैन ने कहा कि इस योजना के तहत प्लेटफॉर्म, रेलवे स्टेशन परिसर, छेड़खानी, हत्या, जहरखुरानी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं से संबंधित सूचना राजकीय रेलवे पुलिस मुख्यालय नियंत्रण कक्ष लखनऊ को शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
यह सुविधा किसी भी कंपनी के मोबाइल फोन से 1512 नंबर डायल करने पर उपलब्ध होगी। शिकायत मिलते ही जीआरपी मुख्यालय का नियंत्रण कक्ष यह जानकारी निकटतम थाने पर तत्काल कार्रवाई के लिए देगा।