लखनऊ के कृष्णानगर के केसरीखेड़ा के पास लखनऊ-कानपुर रेलखंड पर मंगलवार सुबह उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब खुली रेलवे क्रॉसिंग से मेमू धड़ाधड़ गुजर गई। पायलट को एहसास हुआ तो उसने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर मेमू को रोका पर वह क्रॉसिंग पार हो चुकी थी।
उधर, मेमू को आता देख करके क्रॉसिंग पार करने वाले बाइक एवं साइकिल छोड़कर भागे, जिससे उनकी जान बची। घटना के बाद पायलट एवं गेट मैन बीच नोकझोंक हुई। दोनों एक दूसरे पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शी बृजेंद्र सिंह के मुताबिक सुबह लगभग 7:45 बजे कानपुर की ओर से माल्दा टाउन लखनऊ की ओर जा रही थी।
क्रॉसिंग पार होते ही गेट मैन ने गेट को खोल दिया। गेट खुलते ही राहगीर क्रॉसिंग पार कर रहे थे, कि अचानक कानपुर की ओर से तेज रफ्तार से आ रही मेमू को देख करके लोग चिल्लाए और वाहन छोड़ करके भाग गये। गनीमत ये रही कि बाइक आदि क्रॉसिंग पर नहीं छूटी।