कांवड़ यात्रा के दौरान लखनऊ से बरेली होते हुए गुजरने वाली 42 ट्रेनों को निरस्त और 12 को डायवर्ट कर दिया गया है। रोजा यार्ड में रिमॉडलिंग के कारण दिल्ली-लखनऊ और लखनऊ देहरादून रेल रूट पर सात अगस्त तक परेशानी रहेगी। ब्लॉक के कारण 54 ट्रेनों के प्रभावित होने से बरेली से अलग-अलग दिशाओं में जाने वाले रोजाना 20 हजार से ज्यादा यात्री प्रभावित हो रहे हैं।
ब्लॉक के कारण जिन ट्रेनों को निरस्त और डायवर्ट किया गया है उनमें ज्यादातर बरेली होते हुए पूर्वांचल, बिहार, बंगाल, दिल्ली, पंजाब, जम्मू और उत्तराखंड जाने-आने वाली ट्रेनें हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान बरेली-मुरादाबाद-हरिद्वार, बरेली-मुरादाबाद-गढ़मुक्तेश्वर सड़क मार्ग पर भारी वाहनों समेत रोडवेज बसों का भी रूट डायवर्ट कर दिया गया है। इससे बसों में किराये के साथ यात्रा में लगने वाला समय भी बढ़ गया है। इस कारण ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव बढ़ गया है। इससे दैनिक यात्रियों को सबसे ज्यादा समस्या हो रही है। सबसे ज्यादा समस्या बरेली-दिल्ली, बरेली-हरिद्वार-देहरादून रूट पर है।
अगस्त के पहले सप्ताह तक ये ट्रेनें निरस्त
15011/12 लखनऊ-चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस, 14235/36 बरेली-बनारस एक्सप्रेस, 15075/76 त्रिवेणी एक्सप्रेस, 15127/28 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को पांच और 22453/54 राज्यरानी एक्सप्रेस, 15073/74 त्रिवेणी एक्सप्रेस को छह अगस्त तक निरस्त कर दिया गया है। इसके अलावा 15119/20 जनता एक्सप्रेस, 14241/42 नौचंदी एक्सप्रेस, 12491/92 श्रमजीवी एक्सप्रेस, 15211/12 जननायक एक्सप्रेस, 15623/24 भगत की कोठी-कामख्या एक्सप्रेस, 15531/32 सहरसा-अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस, 15655/56 कामख्या-वैष्णो देवी एक्सप्रेस, 22423/24 गोरखपुर-अमृतसर एक्सप्रेस, 12407/08 कर्मभूमि एक्सप्रेस, 15909/10 अवध असम एक्सप्रेस, 15904/03, चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस, 14617/18 जनसेवा एक्सप्रेस, 22551/52 अंत्योदय एक्सप्रेस, 4603/04 गरीबरथ एक्सप्रेस, 15043/44 लखनऊ-काठगोदाम एक्सप्रेस को पहले ही पांच, छह और सात अगस्त तक निरस्त किया जा चुका है।