काठगोदाम से हावड़ा जा रही ट्रेन शनिवार को दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई। यह ट्रेन गोंडा रेलवे स्टेशन पहुंची तो एक कर्मचारी की नजर फटी हुई ट्रॉली पर पड़ी। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ डिवीजन के अपर मंडल रेल प्रबंधक शिशिर सोमवंशी ने जांच का आदेश दिया है।
काठगोदाम से हावड़ा जा रही 13020 एक्सप्रेस ट्रेन शनिवार की सुबह 9:20 पर गोंडा रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इस पर कैरेज विभाग के कर्मचारी उमर अली की नजर ट्रेन के जनरल बोगी संख्या 122403 के नीचे लगे पहियों के बीच ट्राली पर पड़ी तो देखा कि ट्रॉली फटी हुई है। इसके बाद उमर अली ने कंट्रोल को मैसेज किया।
ये भी पढ़ें - उपचुनाव की तारीखों का एलान, मैनपुरी लोकसभा व रामपुर विधानसभा सीट पर 5 दिसंबर को वोटिंग
ये भी पढ़ें - 1090 चौराहे पर बर्थडे मना फैलाई गंदगी तो इंस्पेक्टर ने सिखाया सबक, लोग बोले- ये बर्थडे कभी नहीं भूलेंगे
इसके बाद ट्रेन को गोंडा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर करीब दो घंटे तक रोककर संबंधित डैमेज कोच को काटकर ट्रेन से अलग कर दिया गया। संबंधित कोच के यात्रियों को दूसरे कोच में शिफ्ट किया गया। इसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। अपर मंडल रेल प्रबंधक शिशिर सोमवंशी ने बताया कि जांच के आदेश दिए गए हैं। गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
रेलकर्मी को मिलेगा सम्मान
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ डिवीजन के सीनियर डीएमई (कैरेज एंड वैगन) फरेंद्र कुमार ने कहा कि काठगोदाम एक्सप्रेस को दुर्घटना से बचाने वाले रेलकर्मी उमर अली को सम्मानित किया जाएगा। उनकी सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।