खाद भंडार की दुकानों में छापा, एक का लाइसेंस निलंबित, चार को नोटिस
मलिहाबाद। अपर जिला कृषि अधिकारी हर्षित त्रिपाठी के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने शुक्रवार को दर्जनों खाद विक्रेताओं की दुकानों पर छापा मारा। खाद गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था और बिक्री प्रक्रिया की जांच की गई। गंभीर अनियमितताएं मिलने पर मौर्या बीज भंडार का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। साथ ही स्पष्टीकरण मांगा गया है।
इसके साथ लोधी खाद भंडार (रहीमाबाद), यादव खाद भंडार (रहीमाबाद), कुलदीप एग्रीकल्चर (रहीमाबाद) और मां लक्ष्मी कृषक सेवा केंद्र (मलिहाबाद) को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया हैं। इन प्रतिष्ठानों से दो कार्यदिवस के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। सहायक विकास अधिकारी (कृषि) मानवेंद्र सिंह ने बताया कि दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।