लखनऊ। ओमेक्स रेजीडेंसी दो निवासी एनआरआई डॉक्टर अरुणाभ राय के बेटे के अपहरण मामले में मंगलवार को ईरानी पत्नी शूका अरबी के छह तस्करी के आरोपियों के ठिकाने पर पुलिस ने दबिश दी। ये सभी हजरतगंज में राणा प्रताप मार्ग स्थित कैलाश कांप्लेक्स में सौदिया जीएसए इंडो सऊदी सर्विसेज एजेंसी चलाते हैं।
सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने सोमवार रात पुलिस आयुक्त के आदेश पर शूका के खिलाफ अपहरण और चोरी का केस दर्ज किया था। शिकायत आरोपी के पति डॉ. अरुणाभ ने की थी। उनका आरोप था कि 30 जुलाई को पत्नी ने छह वर्षीय बेटे रायान का अपहरण कर लिया था। वह घर से 20 लाख के जेवर भी चुरा ले गई थी। इसमें उसका साथ इंग्लैंड का रहने वाला एजेंसी का निदेशक व उसके पांच साथियों ने दिया था। डॉ. अरुणाभ का कहना है कि आराेपी तस्करी और हवाला में भी संलिप्त हैं। इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी उपेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक पुलिस आरोपी सहयोगियों के ठिकाने पर गई थी, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। पुलिस एजेंसी के बारे में पता लगा रही है। साथ ही उच्चाधिकारियों की मदद से दूतावास से भी संपर्क किया जा रहा है।