मलिहाबाद। गढ़ी संजर खां गांव में रविवार को ईदगाह में नगर पंचायत अध्यक्ष के बेटे अहसन अजीज पर फायरिंग के मामले में सोमवार को फोरेंसिक टीम मलिहाबाद पहुंची। टीम ने अहसन की कार पर हुए दो फायरों की जांच की। विवेचक चौकी प्रभारी एसआई अमन श्रीवास्तव ने बताया कि घटना के बाद से आरोपी मुन्ना, सोनू, शादाब, अलीम व परिवार के अन्य लोग गायब हैं। उनके मोबाइल बंद हैं।
चौकी इंचार्ज ने बताया कि आरोपियों की आखिरी लोकेशन पर पुलिस उनकी तलाश कर रही है। कई जगह दबिश दी गई है। पुलिस टीम कोर्ट के बाहर भी नजर रखे हुए है, ताकि आरोपी आत्मसमर्पण न कर सकें। एसीपी सुजीत कुमार दुबे ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये है घटनाक्रम
मिर्जागंज निवासी नगर पंचायत अध्यक्ष के बेटे अहसन अजीज रविवार शाम पांच बजे गढ़ी संजर खां स्थित ईदगाह की सफाई की स्थिति देखने पहुंचे थे। इस दौरान उक्त गांव के सोनू ने जान से मारने के लिए सीने पर तमंचा सटाकर फायर किया था, लेकिन वह मिस हो गया था। जान बचाकर भागने के दौरान आरोपी शादाब ने अहसन की कार पर दो फायर किए थे। पुलिस ने चार नामजद व 15 अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है।