लखनऊ। इटौंजा कस्बा स्थित गोदाम में विस्फोटक होने की सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने सोमवार देर रात छापा मारा। बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वायड भी मौजूद रहा। जांच के बाद पुलिस ने गोदाम सील कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, जुबैर का इटौंजा कस्बे में जुबैर ट्रेडर्स के नाम से गोदाम है। सोमवार रात पुलिस को गोदाम में भारी संख्या में विस्फोटक के भंडारण की सूचना मिली। एडीसीपी नॉर्थ ऋषभ रुणवाल, एसीपी बीकेटी ज्ञानेंद्र सिंह और इंस्पेक्टर इटौंजा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया। कस्बे में इसकी जानकारी होने पर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। कोई भी गोदाम तक न पहुंच सके इसलिए पुलिस ने एहतियात की तौर पर गोदाम के आसपास बैरिकेडिंग कर दी। फिर गोदाम खुलवाकर तफ्तीश की।
एसीपी बीकेटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि जांच के दौरान गोदाम में विस्फोटक पदार्थ मिला है। साथ ही गोदाम मालिक ने पटाखों का भंडारण भी कर रखा है। गोदाम को सील कर दिया गया है। मंगलवार को पुलिस टीम दोबारा तफ्तीश करेगी। फिर साक्ष्यों के आधार पर गोदाम मालिक पर कार्रवाई की जाएगी।