आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने राहुल गांधी को अमेठी से सियासी चुनौती देने का दम क्या भर, राहुल ने अपने लोकसभा क्षेत्र का रुख कर लिया है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी पहुंचेंगे।
इस दौरान उनका पूरा ध्यान लोगों के बीच अपनी पैठ बनाना होगा। कयास लगाई जा रही है कि राहुल यहां लोगों के बीच वक्त बिताकर उनके साथ खड़े होने का पूरा अहसास कराना चाहते हैं।
यही वजह है कि राहुल सुबह साढ़े दस बजे फुरसतगंज हवाई अड्डे पर उतरेंगे। फिर करीब 11 बजे जायस पहुंचेंगे और पार्टी नेता प्रदीप सिंहल की ओर से बनवाए गए तीन-तीन हजार लीटर के 17 टैंकर से तिलोई विधानसभा क्षेत्र में जलापूर्ति योजना का शुभारंभ करेंगे।
इसके बाद वह राजीव गांधी महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं के साथ बैठक कर समूह की प्रगति और उनकी आर्थिक मजबूती की समीक्षा करेंगे।
बैठक के बाद राहुल कांग्रेस के पूर्व प्रदेश पदाधिकारी आरपी सिंह के परिवारीजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त करने डीह ब्लॉक स्थित उनके घर जाएंगे। आरपी सिंह का बीते दिनों असामयिक निधन हो गया था। राहुल गांधी का उसी दिन दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है।