बचत भवन में राहुल गांधी की बैठक को लेकर टेंट लगाता श्रमिक।
- फोटो : संवाद
रायबरेली। मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में सांसद बनने के बाद नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार को पहली बार केंद्रीय योजनाओं की हकीकत परखेंगे। वे बचत भवन में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रण समिति (दिशा) की बैठक में बतौर सभापति शामिल होंगे। बैठक को लेकर सोमवार को दिनभर जिला प्रशासन हलकान रहा। बचत भवन के आसपास तैयारियों को पूरा कराया गया। करीब 26 माह बाद होने वाली यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है।
पूर्व मंत्री व अमेठी जिले की सांसद रहीं स्मृति ईरानी ने 28 अगस्त 2022 को दिशा की बैठक की थी। हर तीन माह में होने वाली यह बैठक इसके बाद नहीं हुई। सांसद राहुल गांधी की अध्यक्षता में यह बैठक पिछले माह ही होने वाली थी, लेकिन किन्हीं कारणों से नहीं हो सकी थी। 26 माह बाद मंगलवार को दिशा की बैठक सांसद की अध्यक्षता में होगी।
बैठक में अमेठी के सांसद केएल शर्मा भी शामिल रहेंगे। जिले के सभी विधायकों, एमएलसी, ब्लॉक प्रमुखों, जिला पंचायत अध्यक्ष को भी न्योता दिया गया है। बैठक में केंद्रीय योजनाओं की जिले में प्रगति की समीक्षा होगी। इसके लिए प्रशासन ने योजनाओं की प्रगति की बुकलेट तैयार कर ली है। सभी जन प्रतिनिधियों को बुकलेट की एक-एक कॉपी दी जाएगी। इसी बुकलेट के आधार पर समीक्षा होगी। बुकलेट में सबकुछ अच्छा दिखाने का प्रयास किया गया है।
राहुल गांधी का कार्यक्रम जारी
सुबह 8.15 बजे दिल्ली से प्रस्थान करेंगे। 9.15 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। 9.30 बजे एयरपोर्ट से निकलकर 10.45 बजे डिग्री कॉलेज चौराहे पर पहुंचेंगे। शहीद चौक का उद्घाटन करने के बाद 11.15 बजे बचत भवन में पहुंचेंगे। यहां प्रधानमंत्री सड़क योजना की सड़कों का लोकार्पण करने के बाद 11.30 बजे से दिशा की बैठक में शामिल होंगे। 2.30 बजे तक दिशा की बैठक के बाद वे 2.50 बजे फुरसतगंज पहुंचकर दिल्ली के लिए रवाना होंगे।