रायबरेली। प्रदेश में उप चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों में घमासान मचा है तो मंगलवार को सांसद राहुल गांधी दिशा की बैठक में हिस्सा लेने के लिए रायबरेली आ रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि प्रदेश का सियासी पारा गर्म होगा।
जो कार्यक्रम जारी हुआ है, उसमें राहुल गांधी के केवल दिशा की बैठक में हिस्सा लेने का जिक्र है। लेकिन रायबरेली में जिस तरह बीते दो माह में घटनाएं हुईं और राहुल गांधी ने उन पर जो बातें सोशल मीडिया पर पोस्ट की है, उससे साफ है कि राहुल गांधी के निशाने पर प्रदेश सरकार और रायबरेली की पुलिस रहेगी। राहुल गांधी जो भी बोलेंगे, उसकी थीम उप चुनाव से जुड़ी होने की उम्मीद है।
सांसद बनने के बाद राहुल गांधी पिछले पांच माह में तीसरी बार रायबरेली के दौरे पर आ रहे हैं। पहले जून में आए तो लोकसभा चुनाव की जीत पर कार्यकर्ताओं और लोगों का शुक्रिया अदा किया था, लेकिन 20 अगस्त को राहुल गांधी अचानक पिछवरिया गांव पहुंचे थे। जहां अर्जुन पासी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड को लेकर राहुल गांधी ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला था।
उसके बाद तीन अक्तूबर को अमेठी के शिवरतनगंज में शिक्षक सुनील और उसके परिवार की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर प्रदेश में कानून व्यवस्था को नकारा बताया था। असल में शिक्षक के माता-पिता रायबरेली के सुदामापुर गांव में रहते हैं तो रात में ही राहुल गांधी ने अमेठी सांसद केएल शर्मा से चार अक्तूबर को गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से बात कराने को कहा था।
इसके चलते अमेठी सांसद केएल शर्मा ने शिक्षक के पिता राम गोपाल से मुलाकात कर राहुल गांधी की मोबाइल से बात कराई थी। उस दौरान राहुल गांधी ने गांव आने की बात कही थी। ऐसे में माना जा रहा है कि दिशा की बैठक खत्म होने के बाद राहुल गांधी सुदामापुर गांव जा सकते हैं।
इसी तरह 19 अक्तूबर को ऊंचाहार में सराफा व्यापारी की हत्या पर प्रियंका गांधी वाड्रा ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर प्रदेश सरकार को निशाने पर लिया था। मामला राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र से जुड़ा है तो उनके वहां भी पहुंचने की संभावना है। घुरवारा पुलिस चौकी में 31 अक्तूबर को जिस तरह सेवानिवृत्त फौजी को पीटा गया। उसने रायबरेली पुलिस की जमकर किरकिरी कराई है।
विपक्ष के निशाने पर रायबरेली पुलिस और प्रदेश सरकार है। ऐसे में राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि राहुल गांधी रायबरेली पुलिस को नसीहत और ताकीद भी करा सकते हैं।
उद्यान राज्य मंत्री और राहुल का होगा आमना-सामना
दिशा की बैठक में सांसद राहुल गांधी और उद्यान राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को आमंत्रित किया गया है। ऐसे में दोनों दिशा की बैैठक में आमने-सामने होंगे। उद्यान राज्य मंत्री जब से कांग्रेस से अलग होकर भाजपा में शामिल हुए हैं वह गांधी परिवार पर हमला करते रहे हैं। जिससे सियासी गलियारों में दोनों के आमना-सामना होने के बाद सियासी पारा और चढ़ने की संभावना जताई जा रही है।