कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी मंगलवार को रायबरेली में जनसभा करने पहुंचे। यहां उन्होंने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया। राहुल गांधी ने कहा, अमेठी और रायबरेली की जनता के साथ मोदी ने सौतेला व्यवहार किया है। उन्हें 2019 में मोदी को गुजरात भेजेंगे।
हिंदुस्तान का पीएम रायबरेली और अमेठी के लोगों को तकलीफ पहुंचा रहा है। किसानों के पास पैसा नहीं है, छोटे व्यापारी बर्बाद हो गए। नरेंद्र मोदी ने उन सबको खत्म कर दिया। उनसे पूछिए सब आपको यही जवाब देंगे।
राहुल ने मोदी पर तंज कसते हुए कहा, बेटे ने मां (गंगा) से बहुत वादे कि थे पर एक भी वादा पूरा नहीं किया। कहा कि जैसे ही हमारा गठबंधन हुआ मोदी जी का मुंह उतर गया। राहुल ने कहा, अखिलेश की सरकार बनते ही युवाओं को लोन बांटा जाएगा। राहुल ने कहा, नरेंद्र मोदी जी ने विजय माल्या को करोड़ों रुपए दिए जो देश को धोखा देकर भाग गया।
उन्होंने कहा, पिछले ढाई साल में मोदी जी ने 1 लाख 40 हजार करोड़ रुपया 50 सबसे अमीर परिवारों में बांट दिया। विजय माल्या गद्दार है, शराब बेचता है, मोदी जी ने नोटबंदी के बाद 1200 करोड़ रुपया उसे दे गिफ्ट कर दिया। हम यहां फूड पार्क लाए थे। यहां 40 फैक्ट्रियां लगनी थीं। किसान अपना माल सीधा फैक्ट्री में बेचते लेकिन प्रधानमंत्री ने ऐसा नहीं होने दिया।
मोदी जी मेरे बारे में उल्टा-सीधा बोलते रहते हैं मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता, मुझे बिल्कुल नहीं चुभता मजा आता है। लेकिन रायबरेली अमेठी से उन्होंने जो फूडपार्क छीना उससे मुझे चोट लगी।