राहुल गांधी का रायबरेली दौरा।
- फोटो : अमर उजाला।
दिशा की पिछली बैठक में सांसद राहुल गांधी ने युवाओं को रोजगार में घालमेल की आशंका जताते हुए सभी 1107 लाभार्थियों की जांच कराने का निर्देश दिया था। बैठक के बाद दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के लाभार्थियों की जांच की गई तो 371 लाभार्थियों से अधिकारी संपर्क नहीं कर पाए। किसी का मोबाइल बंद मिला तो किसी का मोबाइल नंबर दूसरे को एलॉट हो गया। अधिकारियों की जांच में 306 लाभार्थी नौकरी करते मिले। 273 लाभार्थी ऐसे मिले, जिन्होंने नौकरी छोड़ दी। 137 लोग ऐसे पाए गए जो काम करने नहीं आए।
दिशा के नामित सदस्य गौरव अवस्थी ने पिछली बैठक में डलमऊ क्षेत्र के ऐहार गांव के किसानों को गंगा एक्सप्रेसवे में जमीन जाने के बाद मुआवजा न मिलने का मामला उठाया था। इस मामले में भूमि अध्याप्ति विभाग ने स्पष्ट किया कि मुआवजा तय होने के बाद किसानों को तहसीलदार के माध्यम से नोटिस दिया गया, लेकिन वे मुआवजा लेने नहीं आए। ऐसी स्थिति में मुआवजे के 1,36,97,407 रुपये पीठासीन अधिकारी भूमि अर्जन पुनर्वास एवं पुनर्व्यस्थापन प्राधिकरण लखनऊ के खाते में जमा की गई। यहां वाद दायर करके किसान मुआवजा प्राप्त कर सकते हैं।