कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी के आगे भाजपा के प्रत्याशी और प्रदेश के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की हैसियत बहुत कम है। राहुल गांधी के पास 20.29 करोड़ की चल-अचल संपत्ति है तो दिनेश की हैसियत 4.51 करोड़ है। यह दीगर बात है कि दिनेश की हैसियत पांच साल में 1.55 करोड़ बढ़ी है। 2019 में उनकी हैसियत 2.96 करोड़ थी। उनके नाम पिस्टल, रायफल हैं। 2019 में दिनेश के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन, सड़क जाम समेत तीन मुकदमे विचाराधीन थे, लेकिन वर्तमान में एक भी मामला नहीं है। दो लग्जरी गाड़ियों में अब एक ही बची है।
लोकसभा चुनाव में भाजपा से पर्चा दाखिल करने वाले दिनेश प्रताप सिंह ने अपनी चल-अचल संपत्ति का ब्योरा दिया है। 10 साल में भाजपा प्रत्याशी ने 65 लाख से अधिक की आय का रिटर्न भरा है। कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी ने अपने शपथपत्र में मुकदमे का जिक्र किया है। मिली सजा के बारे में भी स्पष्ट किया है। लग्जरी वाहनों से चलने वाले राहुल के पास कोई वाहन नहीं है। उनके पास 49 लाख रुपये से अधिक की देनदारी भी है।