रायबरेली के डीह थाना क्षेत्र के पूरे रुका मजरे गढ़वा में क्रिसमस डे पर युवकों ने मनुस्मृति के पन्नों को जला दिया। इसके अलावा पन्नों को लात से कुचला गया। शनिवार को सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश बढ़ गया। हरकत में आई पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य शातिर की तलाश जारी है।
रुका मजरे गढ़वा गांव के निवासी सुरेंद्र कोरी, मनीष पाल, अजीत रावत आदि लोगों ने बीती 25 दिसंबर को क्रिसमस के दिन मनुस्मृति के पन्नों को जला दिया। यही नहीं पन्नों को पैरों से रौंदा गया। शनिवार को वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद क्षेत्रीय लोगों में गुस्सा भड़क गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि यह कृत्य धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है और इससे सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने का प्रयास किया गया है।
मामला उजागर होने के बाद डीह पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र कोरी और मनीष पाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अजीत को गिरफ्तार करने के लिए प्रयास हो रहा है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र मोहन सरोज ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर दो लोगों को पकड़ा गया है। एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। घटना में शामिल अन्य आरोपियों को भी चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।