रायबरेली में जलाकर मारी गई बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए परिजनों और कस्बे के लोगों ने लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। लोगों ने हत्या के आरोपियों की जल्द गिरफ्तार करने की मांग की साथ ही फांसी देने की मांग भी की। आपको बता दें कि घटना के 24 घंटे से ज्यादा का समय बीतने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। गुस्साए लोगों को एएसपी नित्यानंद राय ने समझाया है और जल्द मामले के खुलासे का आश्वासन दिया है।
आपको बता दें कि रायबरेली के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के एक बाग में मिले अधजले शव की पहचान बछरावां कस्बे की रहने वाली बीएससी की छात्रा के रूप में हुई है। अपहरण करने के बाद के रस्सी से हाथ-पैर बांधकर उसे जिंदा जलाया गया था।
उसकी हत्या में परिचित शामिल थे। सहेली के साथ कॉलेज आने के दौरान छात्रा को अगवा कर लिया गया था। देर रात एसओ अनिल सिंह ने बताया कि छात्रा के दूर के रिश्तेदार अतुल गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस मृतका की सहेली और परिवारीजनों से पूछताछ करके हमलावरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। उधर, रविवार देर शाम लखनऊ रेंज के आईजी एसके भगत ने घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद थाने पहुंचकर पुलिस अफसरों से घटना के बारे में पूछताछ की। लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर शोरा गांव स्थित ढाबा के पास बाग में एक युवती का अधजला शव मिला था।
रविवार को उसकी पहचान बछरावां कस्बे की रहने वाली 21 वर्षीय बीएससी छात्रा के रूप में हुई। उसकी पहचान पिता समेत अन्य परिवारीजनों ने की। वह हरचंदपुर क्षेत्र स्थित एक डिग्री कॉलेज में बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा थी। शनिवार को अपनी सहेली के साथ कॉलेज जा रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे अगवा कर लिया था। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई थी।
पुलिस सहेली व परिवारीजनों से घटना की पूछताछ कर रही है। अभी तक मामले में किसी के खिलाफ केस नहीं दर्ज किया गया है। आईजी, लखनऊ रेंज एसके भगत ने बताया कि हरचंदपुर थाना क्षेत्र में बाग में मिली युवती की पहचान हो गई है। वह बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा थी। कॉलेज आते वक्त अगवा करके उसकी हत्या की गई थी।
सहेली के बताने के बावजूद परिवारीजनों की तरफ से थाने में घटना की सूचना समय पर नहीं दी गई। मर्डर में परिचित लोग ही शामिल हैं। पुलिस को घटना से संबंधित अहम सुराग लगे हैं। जल्द पूरे मामले का खुलासा करके आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। सहेली के साथ कॉलेज आ रही छात्रा का हमलावरों ने अपहरण कर लिया था।
शोरगुल मचाते हुए उसने सहेली से कहा था कि वह उसके परिवारीजनों से बता दें कि उसका अपहरण हो गया है। बावजूद इसके परिवारीजन इस उम्मीद में बैठे रहे कि उसकी बिटिया शाम तक घर आ जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सुबह अखबारों में छपी खबर पढ़ने के बाद परिवारीजन हरचंदपुर थाने पहुंचे तो शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की।
खास बात ये है कि यह जानकारी परिवारीजनों ने पुलिस तक को नहीं दी। स्वयं उसकी खोजबीन करते रहे। वैसे पुलिस भले ही घटना की बाबत ज्यादा कुछ नहीं बोल रही है, लेकिन कहा जा रहा है कि एक परिचित युवक छात्रा पर शादी करने के लिए वह दबाव भी बना रहा था। छात्रा उससे शादी करने से इंकार कर रही थी।
कुछ दिन पहले ही युवक छात्रा के कॉलेज तक पहुंच गया था। वहां पर छात्रा और युवक का विवाद हो गया था। छात्रा के परिवारीजन और युवक के परिवारीजनों के बीच सुलह समझौता हो गया था। कहा गया था कि युवक अब उसकी बेटी को नहीं परेशान करेगा। यह परिचित युवक अमेठी जिले के अहोरवा भवानी का रहने वाला बताया जा रहा है।
लखनऊ रेंज के आईजी एसके भगत ने दावा किया है कि रायबरेली में युवती की जलाकर हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही इस मामले में पुलिस खुलासा करेगी। काल रिकॉर्ड और मोबाइल की सीडीआर के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने जब मृतका की सहेली से पूछताछ की तो उसने बताया कि मृतका ने उससे कहा था कि वह रायबरेली जा रही है। घर पर बता देना की अपहरण हो गया है। पुलिस को शक है कि मृतका की हत्या में कहीं न कहीं उसकी सहेली की भी भूमिका संदिग्ध है।
साथ ही परिवारीजनों ने एक रिश्तेदार पर अपहरण कर हत्या का आरोप लगाया है। आईजी एसके भगत का कहना है कि पुलिस इस मामले में हर पहलू पर तफ्तीश कर रही है। उम्मीद है कि जल्द ही खुलासा होगा।