यूपी के हज हाउस को भगवा रंग से रंगवाने के मामले में आखिरकार सचिव आरपी सिंह पर गाज गिर ही गई। मंगलवार देर शाम शासन ने उन्हें हटाने का आदेश जारी कर दिया। उनके स्थान पर सहायक निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण विनीत श्रीवास्तव को इस पद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
बता दें कि 5 जनवरी को हज कमेटी कार्यालय की चारदीवारी की गाढ़े भगवा रंग से पुताई कर दी गई थी। इससे राजधानी का सियासी माहौल गरमा गया। विपक्षी दलों के साथ-साथ उलमा ने भी नाराजगी जताई। मामला तूल पकड़ने के बाद प्रदेश सरकार बैकफुट पर आ गई।
अगले ही दिन चारदीवारी का रंग बदलकर हल्का पीला कर दिया गया। यही नहीं प्रमुख सचिव अल्पसंख्यक कल्याण मोनिका गर्ग ने राज्य हज कमेटी के सचिव व सीईओ से जवाब तलब भी किया।
कमेटी के सचिव आरपी सिंह ने मामला ठेकेदार के ऊपर डालते हुए इसे उसकी गलती बताया। लेकिन, शासन ने इसे उनकी ढीली कार्यप्रणाली का नतीजा माना। मंगलवार को उनसे हज कमेटी के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार वापस ले लिया गया। वे संयुक्त निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण के पद पर पहले की तरह काम करते रहेंगे।
उनके स्थान पर अपेक्षाकृत कनिष्ठ अधिकारी व सहायक निदेशक विनीत श्रीवास्तव को उत्तर प्रदेश हज कमेटी के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।