लखनऊ। किडनी की बीमारियों से बचना है तो धूम्रपान और शराब से दूर रहना होगा। बिना डॉक्टरी सलाह के दर्दनिवारक दवाएं लेना भी किडनी के लिए घातक है। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में रेडियो गूंज की ओर से किडनी दिवस के तहत आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में ये बातें निकलकर आईं।
नेफ्रोलॉजी विभाग के कार्यवाहक अध्यक्ष प्रो. विश्वजीत सिंह ने बताया कि हर वर्ष 13 मार्च को किडनी दिवस मनाया जाता है। इसका मकसद किडनी के रोगों के प्रति जागरूक करना है। प्रो. विश्वजीत सिंह ने बताया कि किडनी रोग से बचने के लिए स्वस्थ खान-पान जरूरी है। बीपी-शुगर नियंत्रित रखकर, पर्याप्त पानी पीकर और धूम्रपान-शराब के सेवन से बचकर किडनी रोग की आशंका कम की जा सकती है।
प्रतियोगिता में शशांक, आयुष, अनुष्का शर्मा, हर्षा सूरज शाह विजेता घोषित किए गए। इन्हें रेडियो स्टेशन पर आमंत्रित किया गया था। मंगलवार को लकी ड्रॉ से चुने गए विजेताओं को बीपी मशीन, ग्लूकोमीटर और पानी की बोतलें दी गईं। केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद और शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. केके सिंह के साथ डॉ. मेधावी गौतम, प्रो. वीरेंद्र आतम, प्रो. एसके सोनकर, डॉ. दुर्गेश और डॉ. गुलाब समारोह में थे।