लखनऊ। घरेलू गैस की मांग को लेकर गैस एजेंसियों, गोदामों पर लगने वाली कतार में कमी आई है। प्रशासन भले ही इसे हालात के सामान्य होने की तरह पेश कर रहा हो लेकिन समस्याएं अभी भी बरकरार हैं। वजह यह है कि उपभोक्ताओं की मांग के मुकाबले गैस एजेंसियों को करीब 20 से 30 फीसदी आपूर्ति कम मिल रही है। लगातार बढ़ते इस बैकलॉग को अगर कम नहीं किया गया तो फिर हालात पहले जैसे या फिर उससे भी अधिक खराब हो सकते हैं।
न्यू बेहसा निवासी मो. आरिफ ने बताया कि उन्होंने 13 मार्च को भारत गैस सिलिंडर की बुकिंग कराई थी। बुकिंग का संदेश मिलने के बावजूद 19 मार्च तक डिलीवरी नहीं हो सकी। एजेंसी से संपर्क करने पर पहले 4-5 दिन में गैस देने की बात कही गई, लेकिन बाद में एजेंसी का मोबाइल नंबर भी बंद आने लगा। मो. आरिफ अकेले ऐसे उपभोक्ता नहीं है। उनके जैसे सैकड़ों उपभोक्ता हैं।
महानगर, कल्याणपुर, टेढ़ी पुलिया व अलीगंज क्षेत्र के एजेंसी संचालकों ने बताया कि प्रतिदिन सभी एजेंसियों पर करीब 200 से 600 सिलिंडर की बुकिंग ऑनलाइन की जा रही है, लेकिन हर बार बुकिंग के मुकाबले करीब 20 से 30 फीसदी तक कम सिलिंडरों आपूर्ति हो रही है। इससे गैस एजेंसी, गोदाम पर लगने वाली लाइन जरूर कम हुई है, लेकिन गैस किल्लत की समस्या अभी खत्म नहीं हुई है।
पूर्ति विभाग की टीम लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। कुछ ऐसे भी लोग हैं जो पहले पीएनजी और एलपीजी दोनों इस्तेमाल करते थे। किल्लत की खबरों के बीच उन लोगों ने भी बुकिंग करा दी है। इससे बुकिंग अधिक हो रही है। गैस एजेंसियों पर लाइन कम हुई है, जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।
- ज्योति गौतम, एडीएम (आपूर्ति)
-