पीपीई किट में नाक पर फटा मास्क और सिलाई खुली
- फोटो : amar ujala
पीजीआई के रेजिडेंट डॉक्टर लगातार पॉजिटिव निकल रहे हैं। शुक्रवार को पीजीआई का एक और केजीएमयू के छह रेजिडेंट डॉक्टर संक्रमित मिले। ऐसे में इन्होंने पीपीई किट, मास्क सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों पर सवाल उठाए हैं। पीजीआई के डॉक्टरों का कहना है कि मास्क लगाते ही फट जा रहे हैं।
यही हाल पीपीई किट का है। इस बाबत मुख्यमंत्री व चिकित्सा शिक्षा मंत्री को पत्र भेजा गया है। एसजीपीजीआई में अब तक 10 से ज्यादा रेजीडेंट डॉक्टर पॉजिटिव हो चुके हैं। डॉक्टरों का कहना है कि पहले संस्थान खुद पीपीई किट, मास्क आदि खरीद रहा था, लेकिन बाद में उत्तर प्रदेश सप्लाई कॉर्पोरेशन से संस्थान में सुरक्षा उपकरण भेजे जा रहे हैं।
वहीं, संस्थान के जिम्मेदार इनकी पड़ताल भी नहीं कर रहे हैं। समस्या बताने पर कहा जाता है कि उपकरण शासन से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पत्र में रेजिडेंट डॉक्टरों ने अपील की है कि वे कोरोना काल में पूरी तत्परता से काम करने को तैयार हैं, लेकिन उनकी जान की सुरक्षा का भी इंतजाम किया जाए। किट की गुणवत्ता सही रखी जाए।